मुखतेज सिंह बदेशा बने एसजीएफआई के वाइस प्रेसिडेंट, प्रदेशवासियों में खुशी का माहौल
सरस्वती शिक्षा शिशु मंदिर से सेवा शुरू करने वाले छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुखतेज सिंह बदेशा को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। विद्यालय खेलकूद की राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता कराने वाली देश की सबसे बड़ी फेडरेशन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का चुनाव 17 जनवरी को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम नई दिल्ली में हुआ था। बदेशा स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष चुने गए।
छत्तीसगढ़ के मुखतेज सिंह बदेशा मूलतः बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले के विकासखंड फारस गांव के रहने वाले हैं। जिन्होंने विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर में शिक्षक के नाते कार्य शुरू किया। विद्या भारती के द्वारा आयोजित होने वाले खेलकूद विभाग में भी कार्य कर रहे हैं। अब बदेशा स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष बनाए गए हैं।
बदेशा ने जानकारी देते हुए रायपुर शिक्षा संस्थान में बताया था कि विद्यालय खेलकूद की राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता कराने वाली देश की सबसे बड़ी फेडरेशन स्कूल गेम्स ऑफ इंडिया का चुनाव 17 जनवरी को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम नई दिल्ली में होने वाला है। जिसमें उपाध्यक्ष पद के लिए 2 आईएएस और 1 आईपीएस सहित वे शामिल हैं। केंद्रीय खेल मंत्रालय की ओर से भारतीय चुनाव आयोग के पूर्व जनरल सेक्रेटरी उमेश सिन्हा को चुनाव अधिकारी बनाया गया था। चुनाव के दौरान सभी राज्यों और 8 राज्य ईकाइयों के दो दो प्रतिनिधियों ने भाग लिया विद्या भारती की ओर से मुखतेज सिंह बदेशा जो कि विद्या भारती के खेलकूद विभाग के राष्ट्रीय संयोजक हैं। वे अब वाइस प्रेसिडेंट के लिए चुनाव लड़ रहे थे।
जिसमें कुल 84 वोट डाले गए। मुखतेज सिंह बदेशा ने 74 वोट प्राप्त कर स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट के पद पर निर्वाचित हुए।
केंद्रीय खेल मंत्री ने दी बधाई
केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर से मुखतेज सिंह बदेशा ने भेंट की। मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुखतेज सिंह बदेशा के जीत पर छत्तीसगढ़ प्रदेशवासियों में खुशी का माहौल है। वहीं उनके समर्थक भी उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दे रहे हैं।