इंस्टाग्राम का नया धमाका, बिना डिलीट किए पुरानी पोस्ट का बदल सकेंगे बैकग्राउंड म्यूजिक

नई दिल्ली। इंस्टाग्राम ने अपने करोड़ों यूजर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक ऐसा फीचर शुरू किया है, जिससे अब पहले से पब्लिश की गई पोस्ट का बैकग्राउंड म्यूजिक बदला जा सकेगा। इसके लिए पोस्ट को डिलीट करने या दोबारा अपलोड करने की जरूरत नहीं होगी। नया Replace Audio फीचर यूजर्स को पोस्ट पर लगे गाने को बाद में भी बदलने की सुविधा देता है, जबकि पोस्ट पर मिले लाइक्स, कमेंट्स, शेयर और रीच पहले की तरह सुरक्षित रहेंगे। अब तक यदि किसी पोस्ट पर लगाया गया गाना पसंद नहीं आता था या वह ट्रेंड से बाहर हो जाता था, तो नया गाना लगाने के लिए पूरी पोस्ट हटाकर फिर से अपलोड करनी पड़ती थी। इससे पोस्ट की पहुंच और उस पर मिली प्रतिक्रिया भी खत्म हो जाती थी। नए फीचर के आने के बाद यह परेशानी काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
रीच पर नहीं पड़ेगा असर
इंस्टाग्राम का कहना है कि ऑडियो बदलने से पोस्ट का बाकी डेटा प्रभावित नहीं होगा। यानी पोस्ट पर पहले से मौजूद लाइक्स, कमेंट्स, शेयर और व्यूज सुरक्षित रहेंगे। इससे क्रिएटर्स अपनी पुरानी पोस्ट को नए ट्रेंडिंग गानों के साथ फिर से अपडेट कर सकेंगे।
क्रिएटर्स को मिलेगा ज्यादा कंट्रोल
यह फीचर खासतौर पर उन कंटेंट क्रिएटर्स के लिए फायदेमंद माना जा रहा है, जो समय-समय पर बदलते म्यूजिक ट्रेंड के अनुसार अपने कंटेंट को अपडेट करना चाहते हैं। अब उन्हें केवल गाना बदलने के लिए पोस्ट दोबारा अपलोड नहीं करनी पड़ेगी।
ऐसे बदलें अपनी पोस्ट का ऑडियो
सबसे पहले उस पोस्ट को खोलें जिसका गाना बदलना चाहते हैं।
ऊपर दाईं ओर दिए गए मेन्यू (दो लाइन या विकल्प) पर टैप करें।
Edit विकल्प चुनें।
अब Replace Audio पर टैप करें।
इंस्टाग्राम की म्यूजिक लाइब्रेरी से नया गाना चुनें।
बदलाव सेव करते ही पोस्ट में नया ऑडियो जुड़ जाएगा।



