बदलापुर में बवाल : नर्सरी की 2 बच्चियों से यौन शोषण पर गुस्साई भीड़, फेंके पत्थर तो पुलिस ने बरसाई लाठियां; 10 अपडेट
बदलापुर में बवाल : नर्सरी की 2 बच्चियों से यौन शोषण पर गुस्साई भीड़, फेंके पत्थर तो पुलिस ने बरसाई लाठियां; 10 अपडेटइस घटना के विरोध में लोगों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया है. आज सुबह हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी बदलापुर रेलवे स्टेशन पर जमा हो गए और उन्होंने ट्रेनों की आवाजाही को रोक दिया. करीब छह घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर तोड़फोड़ की और पुलिस पर भी पथराव किया गया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है. गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने स्कूल में भी तोड़फोड़ की. प्रदर्शनकारी बदलापुर स्टेशन पर पटरियों पर उतर आए और लोकल ट्रेनों का परिचालन अवरूद्ध कर दिया. सुबह करीब 8.30 बजे उपनगरीय ट्रेनों का मार्ग अवरुद्ध हो गया.महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में जांच के आदेश दिए गए हैं. फडणवीस ने कहा कि जांच के लिए महानिरीक्षक स्तर की आईपीएस अधिकारी आरती सिंह को नियुक्त किया है. उन्होंने कहा कि हम इस मामले में जल्द आरोपपत्र दाखिल करना चाहते हैं और मामले को सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक अदालत में ले जाना चाहते हैं.इस मामले में बदलापुर पुलिस थाने से जुड़े तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “बदलापुर पुलिस थाने से जुड़े वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, सहायक उप-निरीक्षक और हेड कांस्टेबल को कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही के लिए तत्काल निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं.”यौन उत्पीड़न की घटना के बाद विरोध प्रदर्शन के कारण बदलापुर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली 10 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है. कई महिलाओं सहित प्रदर्शनकारियों के रेल की पटरियों पर आने और यातायात अवरुद्ध करने के कारण अंबरनाथ और कर्जत स्टेशन के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं सुबह 10:10 बजे से निलंबित कर दी गईं.महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि यौन उत्पीड़न की शिकार बच्ची के माता-पिता को शिकायत दर्ज कराने के लिए 11 घंटे तक थाने में बैठाए रखा गया. कांग्रेस नेता ने ‘एक्स’ पोस्ट में एक वीडियो संदेश में कहा कि यह घटना कोलकाता के एक अस्पताल में ट्रेनी महिला डॉक्टर से रेप और मर्डर की घटना से भी बड़ी है, जिसने राष्ट्रीय आक्रोश पैदा किया है. इस मामले में स्कूल प्रबंधन ने प्रधानाचार्य और दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने सोमवार देर शाम कहा कि उन्होंने प्रधानाचार्य, एक शिक्षिका और एक महिला ‘अटेंडेंट’ को इसके लिए जिम्मेदार मानते हुए निलंबित कर दिया है.ठाणे के एक स्कूल में 23 साल के सफाई कर्मचारी पर गर्ल्स वॉशरूम में दो बच्चियों के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप है. इस मामले में सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है.FIR के मुताबिक, वारदात 13 अगस्त को हुई थी, लेकिन एफआईआर 16 अगस्त को दर्ज की गई. आरोप है कि पुलिस ने 12 घंटे की देरी के बाद रात 9 बजे एफआईआर दर्ज की. एफआईआर के मुताबिक, शिकायतकर्ता को किसी दूसरे बच्चे के अभिभावक ने बताया कि उनकी बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न हुआ है और वो इसकी शिकायत करने जा रहे हैं. इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपनी बच्ची का मेडिकल टेस्ट करवाया. एफआईआर के मुताबिक, पीड़ित बच्ची ने अपने परिवार को बताया था कि स्कूल में एक शख्स ने उसके कपड़े उतारे और उसके प्राइवेट पार्ट पर हाथ लगाया था. एफआईआर के मुताबिक, आरोपी ने लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनाए.