मुख्यमंत्री साय ने जापान से बस्तर संभाग से की पूछताछ, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
रायपुर, 26 अगस्त 2025 | जापान प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर संभाग में अतिवृष्टि से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने दूरभाष पर राजस्व सचिव एवं आपदा राहत आयुक्त रीना बाबासाहेब कंगाले और बस्तर संभाग आयुक्त डोमन सिंह से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिए।
राजस्व सचिव ने जानकारी दी कि दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा, दरभा और तोकापाल विकासखंडों में प्रशासन लगातार राहत कार्य कर रहा है। लोहंडीगुड़ा क्षेत्र के मांदर गांव से 21 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला गया है। वहीं हेलीकॉप्टर और नाव की मदद से अन्य प्रभावितों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया। बीते 24 घंटों में 68 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एसडीआरएफ को हाई अलर्ट पर रखा जाए और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संभाग के सभी कलेक्टरों को निचले इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क करने और उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने के आदेश दिए गए।
उन्होंने राहत कार्यों में जुटे प्रशासनिक अमले, एसडीआरएफ और पुलिस बल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन तथा एसडीआरएफ को हाई अलर्ट पर रहकर प्रभावितों को हरसंभव सहायता पहुँचाने के निर्देश दिए गए हैं।