भाजपा नेता के खेत में पकड़ी गई अफीम की खेती, पार्टी से किया सस्पेंड

दुर्ग। दुर्ग जिले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत में अफीम की अवैध खेती पकड़े जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया है। निलंबन आदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मारकण्डेय ने जारी किया। विनायक ताम्रकार राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प किसान मोर्चा के प्रदेश संयोजक थे। पार्टी की छवि धूमिल करने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।
दरअसल, 6 मार्च को पुलिस को सूचना मिली थी कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में एक खेत में अफीम की अवैध खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर अफीम के पौधे पाए गए। इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पूरे खेत को कब्जे में लेकर अफीम की फसल को जब्त कर लिया है। इस मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध खेती के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार को समोदा गांव में अफीम की खेती की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि दुर्ग जिले में अफीम की खेती का यह पहला मामला है। ऐसे में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
घटना की जानकारी मिलने पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी खेत की ओर पहुंचने लगे, जिन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी बनी। मामले को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इधर भाजपा नेताओं का कहना है कि उन्हें अफीम की खेती की कोई जानकारी नहीं थी। उनका दावा है कि जमीन अधिया (आधी फसल) पर दी गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।



