साउथ एक्ट्रेस ने किया सुसाइड, वीडियो कॉल पर पति से बहस के बाद उठाया खौफनाक कदम

मुंबई । तमिल टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। सन टीवी के फेमस शो ‘कायल’ से घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री सुभाषिनी ने सुसाइड कर लिया है। वह अपने चेन्नई स्थित घर में मृत पाई गईं। जैसे ही सुभाषिनी की मौत की खबर आई सोशल मीडिया पर तहलका मच गया। हर कोई इसका कारण जानना चाहता है। फैंस अपनी फेवरेट एक्ट्रेस की तस्वीरें शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
साउथ एक्ट्रेस सुभाषिनी ने किया सुसाइड
श्रीलंकाई मूल की सुभाषिनी चेन्नई के इयप्पनथंगल में एक ऊंचे अपार्टमेंट में रह रही थीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना वाली रात सुभाषिनी की अपने पति के साथ वीडियो कॉल पर किसी बात को लेकर काफी तीखी बहस हुई थी। बताया जा रहा है कि बहस इतनी बढ़ गई कि अभिनेत्री गहरे मानसिक तनाव में आ गईं थी।
पुलिस को शक है कि इसी झगड़े की वजह से उन्होंने फांसी लगा ली। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
क्या सुसाइड की वजह बनी पति से बहस?
सुभाषिनी की मौत की खबर इसलिए भी ज्यादा दुखद है क्योंकि आने वाली 12 अप्रैल को उनका जन्मदिन था। वह अपने जन्मदिन के जश्न की तैयारी कर रही थीं, लेकिन सेलिब्रेशन से महज 6 दिन पहले ही उन्होंने अपनी जान दे दी। इसी महीने की 21 तारीख को उनकी शादी की दूसरी सालगिरह भी थी। खुशियों के इस महीने में मातम पसरने से उनके परिवार और फैंस का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुभाषिनी ने साल 2012 में फिल्म ‘इनी अवन’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई शॉर्ट फिल्मों और सामाजिक जागरूकता वाले वीडियो में काम किया था, लेकिन उन्हें असली शोहरत सन टीवी के सीरियल ‘कयाल’ से मिली थी। इंस्टाग्राम पर उनके 4 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे, जहां वह अपनी रील और फोटो के जरिए फैंस से जुड़ी रहती थीं।



