छत्तीसगढ़

4-5 अप्रैल को दंतेवाड़ा आ सकते हैं अमित शाह:बस्तर पंडुम में होंगे शामिल, नक्सलियों का एनकाउंटर करने वाले जवानों से कर सकते हैं मुलाकात

अप्रैल के पहले सप्ताह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दंतेवाड़ा आ रहे हैं। बस्तर पंडुम के समापन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। फिलहाल शाह के दौरे की फाइनल तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन 4 या फिर 5 अप्रैल को उनका दौरा हो सकता है, जिसकी तैयारियां जोरों पर चल रही है। बताया जा रहा है कि, वे नक्सलियों का एनकाउंटर करने वाले जवानों से भी मिल सकते हैं। नक्सल मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ले सकते हैं। चैत्र नवरात्र में मां दंतेश्वरी के दर्शन करने मंदिर भी जा सकते हैं। हालांकि, फाइनल शेड्यूल जारी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा। हाई स्कूल मैदान में होगा कार्यक्रम दरअसल, दंतेवाड़ा के हाई स्कूल मैदान में अमित शाह के दौरे की तैयारियां चल रही हैं। यहां लोगों के बैठने के लिए लगभग 132 फीट चौड़ा और 332 फीट लंबा विशाल डोम बनाया जा रहा है। वहीं, 72 फीट चौड़ा और करीब 40 फीट लंबा मंच भी तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा 65×300 के 2 और डोम बन रहे हैं, जिसमें स्टॉल लगाए जाएंगे। जिस हाई स्कूल मैदान में कार्यक्रम होना है, उस पूरे इलाके में सुरक्षा के भी तगड़े इंतजाम हैं। जवानों की टीम वहां पर मुस्तैद है। आस-पास के इलाके में डॉग स्क्वायड की टीम लगातार सर्चिंग कर रही है। साढ़े 3 महीने बाद दूसरा दौरा लगभग साढ़े 3 महीने के बाद अमित शाह दूसरी बार बस्तर आएंगे। इससे पहले वे 15 दिसंबर 2024 को बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर आए थे। यहां वे बस्तरिया ओलिंपिक के समापन में शामिल हुए थे। अब वे दंतेवाड़ा आएंगे और बस्तर पंडुम के समापन में शामिल होंगे। शाह की डेडलाइन, 2026 तक करेंगे नक्सलवाद का खात्मा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जब साढ़े 3 महीने पहले जगदलपुर आए थे, तब उन्होंने मंच से कहा था कि 31 मार्च 2026 तक बस्तर से नक्सलवाद का पूरी तरह से खात्मा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा था कि हिंसा करने वाले लोगों से हमारे जवान निपटेंगे। ……………………………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… नक्सली ने ही बताया नक्सलियों का ठिकाना…तब 30 मरे: बीजापुर में 26, कांकेर में 4 ढेर; TCOC महीने में ही नक्सलियों को बड़ा नुकसान तारीख 20 मार्च 2025, दिन गुरुवार। छत्तीसगढ़ के बस्तर में जवानों ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 30 नक्सलियों को मार गिराया। बीजापुर में 26 और कांकेर में 4 नक्सली मारे गए। नक्सलियों को उनके TCOC (टैक्टिकल काउंटर ऑफेंसिव कैंपेन) माह में ही सबसे बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। सूत्रों के अनुसार हमला एक हफ्ते पहले सरेंडर किए नक्सली दिनेश मोड़ियाम की निशानदेही पर किया गया था। पढ़ें पूरी खबर…
Bol CG Desk (L.S.)

Related Articles

Back to top button