छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमाई, एक्साइज ड्यूटी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और मंत्री आमने-सामने

रायपुर। पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने के फैसले को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पेट्रोल डीजल में एक्साइज ड्यूटी कम करने के फैसले का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया था। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया में तंज कसा है। इस पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पलटवार करते हुए लिखा है, जनता को गुमराह नहीं करें। उनकी राजनीति आपदा में वसूली की रही है। जबकि मोदी सरकार संकट के समय भी जनता को राहत देने का काम कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है, जिन-जिन लोगों को इस कटौती से राहत मिले वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सार्वजनिक अभिनंदन करें और अगर न मिले तो उनको लानत भेजें सांय सांय। बघेल ने कहा, तेल कंपनियों के लिए राहत दी गई और चाटुकारिता करने के लिए जनता को लाभ मिलने की अफवाह फैला रहे हैं। जनता को एक कौड़ी राहत नहीं मिलने वाली।
इस पर पलटवार करते हुए मंत्री चौधरी ने लिखा, आपकी इन्हीं हरकतों के कारण जनता ने लानत भेजकर आपको बाहर का रास्ता दिखा दिया। फिर भी जनता जनार्दन को गुमराह करने से पहले अपना इतिहास तो याद कर लिया करें। कोविड जैसी आपदा के समय जब पूरी दुनिया संकट से जूझ रही थी और लोग आर्थिक मुश्किलों में थे, तब आपने पेट्रोल पर वैट बढ़ाकर आपदा को अवसर बनाकर वसूली की थी।
आज जब दुनिया युद्ध और वैश्विक हालात के कारण महंगे तेल से जूझ रही है, तब केवल भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों पर बोझ न बढ़े, इसलिए एक्साइज ड्यूटी कम करने का फैसला लिया है, लेकिन आपको तकलीफ इस बात से है कि जनता को राहत मिल रही है। साफ है कि आपके समय में आपदा वसूली का अवसर थी, मोदी के नेतृत्व में संकट में भी जनता को राहत देने का संकल्प है।



