छत्तीसगढ़ में पहली बार होगी हॉकी लीग का आयोजन, IPL की तर्ज पर 6 टीमें लेंगी हिस्सा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान और प्रदेश की प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से पहली बार छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव और खेल संचालक ने लीग का शुभारंभ किया। लीग को IPL की तर्ज पर तैयार किया गया है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय की तैयारी के बाद छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को डिजाइन किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं और हॉकी खिलाड़ियों को ऐसा मंच देना है, जहां से वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें।
उन्होंने बताया कि हॉकी इंडिया से हुई बातचीत के अनुसार लीग के मुकाबले 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक कराने की तैयारी है। साव ने कहा कि देश में पहली बार किसी राज्य में सरकार के माध्यम से इस तरह की हॉकी लीग का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं जब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचेंगी तो उन्हें आगे बढ़ने के बड़े अवसर मिलेंगे।
छह टीमें मैदान में उतरेंगी
राजधानी रॉयल्स
चित्रकूट चैलेंजर्स
संस्कारधानी स्ट्राइकर
चक्रधर चैंपियंस
न्यायधानी नाइट्स
मैनपाट टाइटंस



