छत्तीसगढ़

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर जागृति मंडल पहुंची भव्य शोभायात्रा, स्वयंसेवकों ने किया स्वागत

रायपुर। सिख धर्म के प्रथम गुरु पूज्य गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर रविवार को राजधानी रायपुर में भव्य शोभायात्रा एवं प्रभात फेरी निकाली गई। यह शोभायात्रा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय कार्यालय जागृति मंडल पहुंची, जहां संघ के स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।

इस दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और गुरु नानक देव जी के जयकारों से माहौल गूंज उठा।उल्लेखनीय है कि पिछले कई वर्षों से गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा और प्रभात फेरी जागृति मंडल पहुंचती रही है। इस परंपरा के तहत इस वर्ष भी शोभायात्रा का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सिख समाज के लोगों के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर मातृशक्ति द्वारा पूज्य गुरु नानक देव के जीवन, उनके विचारों और कृतित्व को अभिव्यक्त करने वाले प्रेरणादायी कीर्तन प्रस्तुत किए गए। कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव की शिक्षाओं और मानवता के प्रति उनके संदेशों को याद किया गया। उपस्थित लोगों ने श्रद्धा के साथ कीर्तन का श्रवण किया। इसके बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने पालकी साहिब पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने गुरु नानक देव के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को स्मरण किया। वक्ताओं और उपस्थित जनों ने उनके विचारों को समाज के लिए प्रासंगिक बताते हुए कहा कि गुरु नानक देव ने अपने उपदेशों के माध्यम से मानवता, सामाजिक समरसता, समानता, सेवा और सद्भाव का संदेश दिया।

उन्होंने समाज को भेदभाव, आडंबर और कुरीतियों से दूर रहकर सत्य, सदाचार और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। गुरु नानक देव की शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट रखने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनका जीवन मानव सेवा, ईश्वर भक्ति और समानता के सिद्धांतों का प्रतीक है।

प्रकाश पर्व का यह आयोजन न केवल उनके जीवन और विचारों को स्मरण करने का अवसर बना, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता के संदेश को आगे बढ़ाने का माध्यम भी रहा।कार्यक्रम में ब्रिजमोहन सिंह चावला, सज्जन सिंह चावला, हरजेन्दर सिंह, मुरलीधर आसीना, अशोक नामदेव, जसपाल सलूजा, मनिंदर सिंह, सोनिया सलूना, मेजित कौर चावला, अमनदीप कौर, अभय राम (प्रांत प्रचारक), रामेश्वर प्रसाद सिंहा, रामभरोसे सोनी, विश्वनाथ बोगी, राजेन्द्र सिंह यादव, विजय बरहिया और भारतभूषण वर्मा (महानगर कार्यवाह) सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Bol CG Desk (L.S.)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button