नक्सलवाद के खात्मे की डेडलाइन आज, भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग

रायपुर। नक्सलवाद के खात्मे से पहले कांग्रेस-भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इसे लेकर राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडेय ने कहा, छत्तीसगढ़ में अब नक्सलवाद इतिहास बनकर रह जाएगा। वहीं कांग्रेस ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। कांग्रेस का आरोप है कि शाह अविश्वसनीय हो चुके हैं। नक्सल मामले में उनके बयान बदलते रहते हैं।
सांसद पांडेय ने लोकसभा में चर्चा के दौरान कहा, हम सभी जानते हैं कि किस प्रकार से भ्रमजाल पैदा किया गया और सशस्त्र आंदोलन के नाम पर लंबे समय तक छत्तीसगढ़ के बड़े हिस्से को नक्सलवाद ने जकड़ रखा था। अब नक्सलवाद इतिहास बन कर रह जाएगा। नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है।
दशकों तक लाल आतंक का साया हमारे आदिवासी क्षेत्रों पर मंडराता रहा है और जब 31 मार्च 2026 तक भारत को हथियारबंद नक्सलवाद से मुक्त करेंगे तो यह केवल एक सरकारी लक्ष्य नहीं है बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की साझा प्रतिज्ञा है और यह प्रतिज्ञा जब नेतृत्व लेता है तो पूरा देश उन पर विश्वास करते हुए उनके पीछे खड़ा होता है। यह दृढ़ इच्छा शक्ति के संकल्प का प्रभाव है। उन्होंने कहा, 40 साल तक माओवाद नहीं यह मवाद था जिसने पूरे छत्तीसगढ़ को रेड कॉरिडोर बना रखा था। ऐसे मवाद को केन्द्र सरकार ने ऑपरेशन करके निकालने का काम किया है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री संवेदनशील विषयों में भी अपना बयान राजनैतिक नफे व नुकसान के अनुसार बदलते रहते हैं। संसद में अमित शाह नक्सलवाद नियंत्रण के मामले में कांग्रेस की भूपेश सरकार को दोषी ठहराते हैं। जबकि देश के गृह मंत्री के रूप में वे मध्यप्रदेश की बैठक में और छत्तीसगढ़ में तीन बार मीडिया के सामने भूपेश सरकार की नक्सल नीति की तारीफ करते थे।
उनका बयान है कि छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार नक्सल नियंत्रण में प्रभावी कदम उठा रही है। अब वही अमित शाह राजनैतिक फायदे के लिए कांग्रेस की सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे। शाह गृहमंत्री हैं संसद में सबूत होने का दावा करते हैं, तो सबूत पटल पर रखते क्यों नहीं? देश व प्रदेश का हर नागरिक चाहता है कि शांति की स्थापना हो और नक्सलवाद की समाप्ति हो। भाजपा नेता इस मामले में लगातार श्रेय लेने की राजनीति करने गलत बयान देते हैं, जबकि नक्सलवाद को खाद, पानी भाजपा की रमन सरकार के दौरान ही मिला था।



