स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं - मान. केदार कश्यप, कैबिनेट मंत्री
रायपुर संभाग

खल्लारी माता मंदिर मेंमौत का ‘रोप-वे, 60 फीट से नीचे गिरी ट्रॉली, रायपुर की महिला की मौत

महासमुंद। चैत्र नवरात्रि के उल्लास के बीच प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में रविवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी रोप-वे की ट्रॉली का तार अचानक टूटने से वह करीब 60 फीट नीचे पहाड़ियों पर जा गिरी। पत्थरों से टकराकर ट्रॉली कई बार पलटी, जिससे रायपुर के राजातालाब निवासी एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत 16 लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई। चार गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। करीब चार करोड़ रुपए की लागत से बना यह रोप-वे महज एक साल पहले अप्रैल 2024 में शुरू हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा तकनीकी विफलता और लापरवाही का नतीजा है।

मौके पर माजूद श्याम देव ठाकुर ने बताया कि जैसे ही मुख्य तार टूटा, नीचे आ रही ट्रॉली अनियंत्रित होकर गिर गई। वहीं, ऊपर जा रही दूसरी ट्रॉली अचानक तेजी से पीछे की ओर आई और एंट्री पॉइंट की सुरक्षा ग्रिल को तोड़ते हुए रुक गई। इसकी चपेट में आने से प्लेटफॉर्म पर खड़े श्रद्धालु भी घायल हो गए। आरोप है कि दो साल के भीतर ही तारों का उचित मेंटेनेंस नहीं किया गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।

मां खल्लारी ट्रस्ट के आवेदन पर पुलिस ने संचालक कंपनी (कोलकाता) और स्थानीय कर्मचारी बीरबल व रामेश्वर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर यह एक्शन लिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही बागबाहरा एसडीएम, तहसीलदार और जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार मौके पर पहुंचे। कलेक्टर विनय लंगेह ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

चार माह में ही उजड़ा परिवार

राजातालाब के ऋषभ धावरे की आयुषी से 25 नवंबर 2025 को शादी हुई थी। आयुषी पाटन के स्वामी आत्मानंद स्कूल में शिक्षिका थी। शादी के बाद दोनों की पहली नवरात्र थी। इसलिए देवी दर्शन के लिए ऋषभ अपनी पत्नी आयुषी के अलावा भाई शुभ और बहन शुभी के साथ खल्लारी गए थे। रोपवे हादसे में आयुषी को गंभीर चोटें आईं। उसकी मौके पर मौत हो गई। ऋषभ और उसके भाई-बहन भी गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें वीवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आयुष और ऋषभ दोनों ने सात फेरे लिए, लेकिन सात माह भी साथ नहीं रह पाए। सोमवार को आयुषी का अंतिम संस्कार है। गंभीर होने के कारण ऋषभ इसमें भी शामिल नहीं हो पाएगा। ऋषभ धावरे बोल छत्तीसगढ़ के विशेष सहयोगी है। ईश्वर इस कठिन समय में परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और मानसिक संबल प्रदान करें।

क्षमता से अधिक सवारी, नियमों की अनदेखी

नवरात्रि के कारण मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिक कमाई और भीड़ कम करने के चक्कर में क्षमता से अधिक सवारी बैठाई जा रही थी। जिस ट्रॉली में अधिकतम 6 लोगों की अनुमति है, उसमें 7 से 8 लोग सवार थे। भार बढ़ने से सिस्टम पर दबाव बढ़ा और तार जवाब दे गया।

खानापूर्ति : कोलकाता से रिमोट मॉनिटरिंग

चौंकाने वाली बात यह है कि इस रोप-वे का तकनीकी संचालन और मॉनिटरिंग कोलकाता से किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित इंजीनियरों के बजाय चंद कर्मचारियों के भरोसे पूरा सिस्टम चल रहा था। कंपनी प्रतिनिधि बीरबल ने बताया कि कोलकाता से उच्चाधिकारियों की टीम रवाना हो गई है, जिनके पहुंचने के बाद ही तकनीकी खराबी के कारणों का खुलासा होगा।

मृतक एवं घायलों की स्थिति

हादसे में मृतिका की पहचान आयुषी धावरे (28), पति ऋषभ धावरे के रूप में हुई है। घायलों में गोविंद स्वामी (44), रतनलाल नागेश्वर (65), हेमिन बाई (38), कुलसी (35), पूर्वी (7), टिया, अमलेश (30), खुगेश साहू (42), टोमेश्वरी (36), हर्ष (9), ऋषभ धावड़े (29), छायांश (16), मानसवी (12), नमिता (48) और अंशिता (10) शामिल हैं।

3 साल में बना, दो साल में ढहा भरोसा

खल्लारी रोप-वे का निर्माण 2021 में शुरू हुआ था। मजबूत नींव और उपयुक्त स्थान की तलाश में निर्माण में 3 साल की देरी हुई थी। तब कंपनी ने सुरक्षा के बड़े दावे किए थे, लेकिन साल भर के भीतर ही हुए इस हादसे ने निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना दुखद, जांच होगी: सीएम

सीएम विष्णु देव साय ने खल्लारी माता मंदिर में हुई रोप-वे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। इस घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। मां खल्लारी माता से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी श्रद्धालुओं को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।

Bol CG Desk (L.S.)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button