9 साल के बच्चे की हार्ट अटैक से मौत, खेलते-खेलते अचानक गिरा बच्चा

तेलंगाना। तेलंगाना के जगत्याल जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 9 साल के एक बच्चे की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह घटना लोगों को हैरान कर रही है और बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा रही है।
मृतक बच्चे का नाम निशांत था, जो अपने माता-पिता चंद्रशेखर और नविता का इकलौता बेटा था। परिवार के अनुसार, वह अपने परिवार के साथ गांव के बाहर स्थित शिव मंदिर में एक कार्यक्रम में गया था। वहां वह बाकी बच्चों के साथ खेल रहा था और पूरी तरह ठीक लग रहा था। लेकिन अचानक खेलते-खेलते वह जमीन पर गिर पड़ा। पहले तो किसी को समझ नहीं आया कि क्या हुआ, लेकिन जब वह उठ नहीं पाया तो परिवार घबरा गया। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच की और बताया कि बच्चे को दिल का दौरा पड़ा था। यह सुनकर परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। इतने छोटे बच्चे में हार्ट अटैक की घटना ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है।



