तीन दिवसीय रंग संस्कार उत्सव का समापन आज, प्रसिद्ध कलाकार मनोज जोशी होंगे शामिल

रायपुर । संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से ‘संस्कार भारती छत्तीसगढ़’ द्वारा तीन दिवसीय ‘रंग संस्कार उत्सव’ का आज समापन होगा, प्रसिद्ध रंगमंचीय अभिनेता पद्मश्री मनोज जोशी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह रंग संस्कार महोत्सव रायपुर का दूसरा वर्ष है।
पिछले वर्ष की तरह ही रायपुर के चार अलग-अलग स्थानों पर रंग संस्कार कार्यशाला का आयोजन किया गया था। ये कार्यशालाएं 21 दिनों तक की रहीं जिसमें चार नाटक तैयार किए गए। गत 18-19-20 अप्रैल 2025 को तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय नाट्य कार्यशाला युवा निर्देशकों के प्रशिक्षण के उद्देश्य से आयोजित की गई जिससे सभी निर्देशक अपने नाटकों को पेशेवर तरीके से निर्देशित करने में सक्षम हो सकें।
रंग साधक स्वर्गीय अशोक चन्द्राकर की स्मृति में चल रहे तीन दिवसीय नाट्य उत्सव “रंग संस्कार रायपुर” के अंतिम दिन आज रविवार को एक नाटक का मंचन होगा। इसके पूर्व लोकमाता अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी जयंती के उपलक्ष्य में काव्य पाठ किया जाएगा। आज बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता पद्मश्री मनोज जोशी उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय होंगे।

इस अवसर पर ‘देवी अहिल्याबाई होलकर चित्र प्रदर्शनी’ भी आयोजित की गई है, जिसमें 54 चित्रों के माध्यम से उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं को दर्शाया गया है।