स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं - मान. केदार कश्यप, कैबिनेट मंत्री
गम्मत

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को मिली जान से मारने की धमकी, मिला अहम् सुराग

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को मिली जान से मारने की धमकी के मामले में जांच एजेंसियों को एक अहम सुराग मिला है। पंजाब पुलिस की फॉरेंसिक जांच के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हुए धमकी भरे ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य आरजू बिश्नोई की पुरानी रिकॉर्डिंग से मेल खाती है। इस रिपोर्ट के बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच और साइबर सेल ने जांच तेज कर दी है। हालांकि पुलिस अभी इस पूरे मामले में मिले डिजिटल सबूतों और अन्य तकनीकी जानकारियों की भी गहराई से जांच कर रही है।

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, वायरल ऑडियो में मौजूद आवाज को आरजू बिश्नोई के पुराने वॉयस सैंपल से मिलाया गया। पंजाब पुलिस ने जांच के बाद इसकी जानकारी मुंबई क्राइम ब्रांच को दी। पुलिस इसे मामले में मिले महत्वपूर्ण सुरागों में से एक मान रही है। दरअसल, कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हुई थी। इस ऑडियो में बोलने वाले व्यक्ति ने खुद को आरजू बिश्नोई बताया था और आमिर खान को धमकी देते हुए उन्हें चेतावनी दी थी। ऑडियो में अभिनेता को सबक सिखाने की बात कही गई थी। इस ऑडियो के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।

जांच में यह भी सामने आया कि धमकी देने वालों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया। मुंबई पुलिस की साइबर सेल की शुरुआती जांच में धमकी से जुड़े डिजिटल फुटप्रिंट (आईपी) विदेश से जुड़े मिले थे। जांच में पता चला कि स्वीडन आधारित वीपीएन और एन्क्रिप्टेड टोर ब्राउजर जैसी तकनीकों का इस्तेमाल कर वास्तविक लोकेशन और डिवाइस की जानकारी छिपाने की कोशिश की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी वाला ऑडियो सीधे तौर पर आरज़ू बिश्नोई ने रिकॉर्ड किया था या फिर गैंग के किसी अन्य सदस्य ने उसकी पहचान का इस्तेमाल करते हुए इसे तैयार किया।

इसके अलावा, यह भी जांच की जा रही है कि ऑडियो को किसने सबसे पहले सोशल मीडिया पर डाला और इसे फैलाने में कौन-कौन लोग शामिल रहे। इस मामले में मुंबई पुलिस, पंजाब पुलिस और दूसरी जांच एजेंसियां साथ में काम कर रही हैं। एजेंसियां डिजिटल रिकॉर्ड, इंटरनेट कॉलिंग और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही हैं, ताकि धमकी देने वाले व्यक्ति और उसके पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जा सके। TAGS

Bol CG Desk (L.S.)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button