
मुंबई। दुनिया की सबसे अमीर और फेमस सिंगर्स में शुमार रिहाना के घर से एक ऐसी खबर आई है जिसने उनके करोड़ों फैंस की धड़कनें तेज कर दी हैं। अमेरिका के कैलिफोर्निया के बेवर्ली हिल्स में रिहाना के आलीशान बंगले के बाहर ताबड़तोड़ 10 राउंड फायरिंग हुई। यह घटना रविवार की बताई जा रही है। इस घटना ने हॉलीवुड की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जैसे ही ये खबर आई हर कोई हैरान रह गया।
सोशल मीडिया पर तहलका मच गया। लोग अपनी फेवरेट सिंगर के बारे में जानने की कोशिश करने लगे। राहत की बात यह है कि इस हमले में रिहाना या उनके परिवार के किसी भी सदस्य को कोई चोट नहीं आई है, लेकिन फायरिंग के समय रिहाना घर में ही मौजूद थीं।
लॉस एंजेलिस पुलिस डिपार्टमेंटद्वारा शेयर की गई जानकारी के मुताबिक, यह वारदात रविवार, 8 मार्च को दोपहर करीब 1:21 बजे हुई। रिहाना के घर के बाहर अचानक एक के बाद एक करीब 10 गोलियां चलाई गईं। चश्मदीदों का कहना है कि गोलियों की आवाज इतनी तेज थी कि इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बताया कि गोलियां सीधे रिहाना के घर के मुख्य गेट पर लगीं, लेकिन बुलेटप्रूफ सुरक्षा और सही समय पर सतर्कता की वजह से किसी को खरोंच तक नहीं आई।
फायरिंग में हुई महिला शूटर गिरफ्तार
खबर मिलते ही पुलिस की भारी टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू की। पुलिस ने इस मामले में एक 30 साल की महिला को संदिग्ध शूटर के तौर पर गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक उस महिला की पहचान उजागर नहीं की है और न ही यह बताया है कि उसने रिहाना के घर को निशाना क्यों बनाया। अधिकारी फिलहाल इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या यह कोई रंजिश थी या फिर किसी सनकी फैन की हरकत।



