स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं - मान. केदार कश्यप, कैबिनेट मंत्री
छत्तीसगढ़

रायपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और हाइवा की टक्कर से 3 की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पिपरौद–बजरंगपुर नेशनल हाईवे पर ट्रक और रेत से भरे हाइवा की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत और ग्रामीणों में भारी आक्रोश का माहौल है। यह घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बजरंगपुर इलाके में निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास सोमवार देर रात करीब 3:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, ट्रक (CG 04 JC 7941) और हाइवा (CG 04 QP 2293) की तेज रफ्तार में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और इसकी आवाज लगभग दो किलोमीटर दूर तक घरों में सो रहे लोगों तक सुनाई दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे में दोनों वाहनों में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान भागवत राम साहू (65), निवासी कुटीपारा पारागांव, दीपक पटेल (22), निवासी कातलबोड़ (कुरूद, धमतरी) और सुमित यादव (19), निवासी झूरानवागांव (कुरूद, धमतरी) के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को वाहन से बाहर निकाला और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह क्षेत्र लगातार भारी वाहनों की आवाजाही वाला है और यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं बार-बार हो रही हैं, लेकिन रोकथाम के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा के आसपास स्पीड कंट्रोल और निगरानी की सख्त जरूरत है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे की मुख्य वजह क्या थी। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को कारण माना जा रहा है, हालांकि जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और गांवों में शोक का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन से लोगों ने सख्त कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Bol CG Desk (L.S.)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button