कॉकरोच जनता पार्टी को राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत कराने अर्जी, एडवोकेट ने चुनाव आयोग में सौंपा आवेदन

पानीपत। देश में इन दिनों कॉकरोच जनता पार्टी का धमाल मचा हुआ है। यह पार्टी सोशल मीडिया में काफी ट्रेंड कर रही है। इस बीच अब खबर आ रही है कि पार्टी को चुनाव आयोग में पंजीकृत करने आवेदन सौंपा गया है। एडवोकेट सुधीर जाखड़ ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को एक आधिकारिक राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के समक्ष अपनी विस्तृत अर्जी दाखिल की है।
16 मई को 30 साल के अभिजीत दीपके ने एक्स पर एक गूगल फॉर्म पोस्ट किया, जिसमें लोगों को कॉकरोच जनता पार्टी में रजिस्ट्रेशन के लिए आमंत्रित किया। यह महत्वपूर्ण कदम एडवोकेट सुधीर जाखड़ द्वारा उठाया गया है।
उन्होंने इस संबंध में सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए आवेदन पत्र जमा किया है, ताकि पार्टी आगामी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले सके। उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29A के तहत पंजीकृत कराने की मांग की गई है। सुधीर जाखड़ ने इस प्रस्तावित आंदोलन को एक ‘जन-केंद्रित लोकतांत्रिक पहल’ करार दिया है।
इस नए दल का मुख्य जोर सामुदायिक सेवा, संवैधानिक जागरूकता और सामाजिक जवाबदेही सुनिश्चित करने पर रहेगा। इसके अलावा, आवेदन पत्र में पर्यावरण संरक्षण, पशु कल्याण और शासन में पारदर्शिता को भी पार्टी के प्राथमिक एजेंडे के रूप में प्रमुखता से सूचीबद्ध किया गया है, जो इसके व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाता है।



