छत्तीसगढ़ के इस विश्वविद्यालय में परीक्षा से 2 घंटे पहले पेपर लीक, आक्रोशित छात्रों ने की कार्रवाई की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले ने हड़कंप मचा दिया है। आरोप है कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही कथित पेपर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा था।
मामले को लेकर छात्रों ने विरोध जताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और जांच के साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीकमिली जानकारी के अनुसार इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आज एंटोमोलॉजी का सेमेस्टर एग्जाम होना था।
परीक्षा 10 बजे से आयोजित की गई थी, लेकिन सुबह 8 बजे ही सोशल मीडिया पर सेमेस्टर एग्जाम का पेपर वायरल होने लगा था। पेपर लीक होने की खबर सामने आने के बाद छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला है। अब देखने वाली बात होगी कि प्रबंधन पेपर लीक मामले में क्या एक्शन लेती है।
पहले भी लीक हो चुका है पेपर
बता दें कि छत्तीसगढ़ में पेपर लीक का पहला मामला नहीं है, इससे पहले 12वीं बोर्ड का हिंदी पेपर लीक होने के दावे पर जमकर बवाल मचा था। 14 मार्च 2026 को 12वीं की हिंदी की परीक्षा थी, जो सफलतापूर्वक संपन्न हो गई थी।
लेकिन 15 मार्च को सोशल मीडिया पर छात्र संगठनों ने पेपर लीक होने की जानकारी दी थी। मामले में माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव ने सिविल लाइन्स और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।



