CGPSC SI मुख्य परीक्षा की तारीख बदली, अब 2 से 4 नवंबर तक होगी परीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने गृह पुलिस विभाग के अंतर्गत आयोजित सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा की तारीख में बदलाव किया है। आयोग ने सोमवार को जारी सूचना में बताया कि पहले मुख्य परीक्षा की संभावित तिथि 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई थी। अब 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित होने के कारण परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। आयोग के नए आदेश के अनुसार, सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन अब 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इस संबंध में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की ओर से आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है।
दरअसल, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा गृह पुलिस विभाग के अंतर्गत सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 आयोजित की जा रही है। आयोग ने इस परीक्षा की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। परिणाम जारी करने के साथ ही मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तारीख बताई गई थी। बाद में आयोग के संज्ञान में आया कि 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी आयोजित की जानी है। दोनों परीक्षाओं की तारीख एक ही होने के कारण अभ्यर्थियों के सामने परीक्षा में शामिल होने को लेकर परेशानी की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए आयोग ने मुख्य परीक्षा की निर्धारित संभावित तारीख में संशोधन करने का निर्णय लिया है।



