पेपर में मिलीं कई गलतियां, NTA ने तीन विषयों के री-एग्जाम का किया ऐलान, देखें पूरा शेड्यूल

नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET जून 2026 को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। NTA को इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में कई तरह की गंभीर त्रुटियों को लेकर शिकायतें मिली थीं। इसके बाद मामले की जांच के लिए एक विशेषज्ञ समिति गठित की गई थी।
समिति की जांच में तीनों प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद संबंधी गलतियों के साथ-साथ प्रसिद्ध विद्वानों के नामों की गलत स्पेलिंग, किताबों के गलत नाम, प्रश्नों की भाषा में त्रुटियां, व्याकरण संबंधी गलतियां, लिंग-वचन से जुड़ी त्रुटियां और विराम चिह्नों की गलतियां पाई गईं। इसके अलावा कुछ स्थापित अवधारणाओं के लिए असामान्य शब्दों के इस्तेमाल और पहले पूछे जा चुके प्रश्नों के दोबारा आने की बात भी सामने आई।NTA ने कहा कि इन त्रुटियों के कारण प्रश्नपत्र निर्धारित गुणवत्ता और निष्पक्षता के मानकों पर खरे नहीं उतरते थे।
ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए इन तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लिया गया है।
UGC NET री-एग्जाम का पूरा शेड्यूल
अंग्रेजी: 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-1, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक।
कॉमर्स: 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-2, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक।
सोशियोलॉजी: 10 सितंबर 2026, शिफ्ट-1, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक।
NTA के मुताबिक इन तीनों विषयों के री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। परीक्षा शहर, केंद्र और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी बाद में NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। 84 विषयों के परिणाम तय कार्यक्रम के अनुसार होंगे NTA ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन 84 विषयों की आंसर की को लेकर चुनौती प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, उनके परिणाम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी किए जाएंगे। इन विषयों के उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा देने की जरूरत नहीं होगी।



