रायपुर में 5 लोगों की सामूहिक मौत मामला, दो संदिग्ध हिरासत में, जाँच में जुटी पुलिस

रायपुर। रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में बीते 17 जुलाई को एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को अहम सुराग मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बैटरी मैकेनिक सैयद शाहिद उर्फ सज्जू ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को जहर देकर उनकी हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जांच में सामने आया है कि गुरुवार देर रात सैयद शाहिद ने कथित तौर पर अपनी पत्नी राबिया, बेटियों शाहिदा बेगम और इरशाबा परवीन तथा बेटे इरशाद अली को जहर दिया। इसके बाद देर रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 9 बजे सैयद शाहिद घर से निकलकर वॉशरूम की ओर जाते हुए दिखाई दिया है। वहीं पुलिस के अनुसार वह शुक्रवार सुबह तक कुछ फुटेज में जीवित नजर आया। दूसरी ओर उसका बेटा भी रात करीब 1 बजे तक मोबाइल पर सक्रिय था। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस घटना की टाइमलाइन तैयार कर रही है।



