स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं - मान. केदार कश्यप, कैबिनेट मंत्री
छत्तीसगढ़

नवा रायपुर ब्लू वाटर हादसा, अब आदिल की तलाश में उतरेगी इंडियन नेवी, कल रायपुर पहुंचेगी टीम

रायपुर। नया रायपुर के ब्लू वाटर में बुधवार शाम डूबे आदिल का शव शनिवार को भी बरामद नहीं हो सका। SDRF, NDRF की टीम लगातार तलाश में जुटी रही, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर इंडियन नेवी से मदद मांगी गई है। इंडियन नेवी के ईस्टर्न कमांड की विशेष टीम रविवार को रायपुर पहुंचेगी।

जानकारी के मुताबिक इंडियन नेवी की टीम रविवार दोपहर तक मौके पर पहुंचकर ब्लू वाटर में डूबे आदिल की तलाश शुरू कर सकती है। बता दें कि पिछले कई दिनों से SDRF की टीम स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। पानी की गहराई और अन्य चुनौतियों के चलते शव को तलाशने में परेशानी आ रही है। SDRF की कोशिशों के बाद अब इंडियन नेवी के विशेषज्ञ गोताखोरों की मदद ली जा रही है। परिजनों को उम्मीद है कि नेवी की टीम के आने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी आएगी और आदिल का जल्द पता लगाया जा सकेगा।

बता दें कि आदिल बुधवार शाम को अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान पानी में तैरने को लेकर दोस्तों के बीच शर्त लगी, जिसके बाद वह पानी में उतरा, लेकिन गहरे पानी में जाने के बाद वापस बाहर नहीं आ सका। युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ SDRF और NDRF की टीम मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की, लेकिन पानी की गहराई ज्यादा होने की वजह से उसके शव को तलाशने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राजधानी रायपुर से सटे ब्लू वाटर में पहले भी डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस घटना के बाद सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को खतरनाक हिस्से से दूर रखना और चेतावनी बोर्ड लगाना जरूरी है।

ब्लू वाटर खदान में 9 साल में हो चुकी है 9 मौतें

ब्लू वाटर खदान में डूबने की यह पहली घटना नहीं है। उपलब्ध घटनाओं के मुताबिक 2017 से अब तक यहां 9 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। आदिल का शव बरामद होने पर 2017 से अब तक ब्लू वाटर में डूबने से मौतों का आंकड़ा 10 हो जाएगा।31 अक्टूबर 2025 को टाटीबंध के छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल के 9 बच्चे स्कूल बंक कर यहां पहुंचे थे। नहाने के दौरान जयेश साहू और मृदुल गहरे पानी में डूब गए थे। दोनों के शव अलग-अलग दिनों में मिले थे। इससे पहले 2017 में 17 वर्षीय सुनैना, मई 2019 में 17 वर्षीय मोहन बाघ, मार्च 2023 में दो युवक और जून 2023 में नदीम, फैजल व शहबाज की डूबने से मौत हुई थी।

Bol CG Desk (L.S.)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button