रनवे से फिसलकर धधक उठा विमान, अमेरिका के एरिजोना हादसे में दो लोगों की मौत

अमेरिका। अमेरिका के एरिजोना राज्य से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां के एक छोटे एयरपोर्ट पर बुधवार को एक विमान हादसे का शिकार हो गया, जिसमें सवार दोनों लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि विमान रनवे से फिसलने के बाद आग के गोले में बदल गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, यह घटना एरिजोना के माराना (Marana) इलाके के एक छोटे हवाई अड्डे पर हुई। शहर के मेयर जॉन पोस्ट ने बताया कि विमान अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और रनवे से उतरते ही उसमें आग लग गई। देखते ही देखते पूरा विमान धू-धू कर जलने लगा।
शहर के प्रवक्ता विक हैथवे ने जानकारी दी कि विमान में कुल दो लोग सवार थे। दुर्भाग्य से दोनों ही इस हादसे में जान गंवा बैठे। फिलहाल उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी और को चोट नहीं आई और न ही कोई अन्य विमान इसमें शामिल था।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और आपातकालीन टीमों ने स्थिति को संभाला। पुलिस विभाग ने बताया कि हादसे की जांच अब नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) को सौंप दी गई है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि आखिर विमान रनवे से क्यों फिसला और आग कैसे लगी।



