स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं - मान. केदार कश्यप, कैबिनेट मंत्री
छत्तीसगढ़

शादी से इनकार पर सिरफिरे ने दोस्त से फिंकवाया था तेजाब, दो आरोपी गिरफ्तार

बालोद। शादी से इनकार से बौखलाए एक सिरफिरे प्रेमी ने युवती का चेहरा बिगाड़ने की खौफनाक साजिश रची और अपने दोस्त के जरिए उस पर तेजाब फिंकवा दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के महज आठ घंटे के भीतर मुख्य साजिशकर्ता यश कुमार सोनकर (20 वर्ष, निवासी नेवारीकला) और उसके दोस्त करण कुंजाम (20 वर्ष, निवासी भैरमगढ़, बीजापुर) को गिरफ्तार कर लिया। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी करण की शादी घटना से सिर्फ तीन दिन पहले ही हुई थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि यश और युवती के बीच पहले बातचीत थी। युवती द्वारा शादी से इनकार करने पर यश ने उससे बदला लेने की नीयत से उस पर एसिड अटैक की योजना बनाई। दोनों आरोपी पिछले तीन महीनों से इसकी तैयारी कर रहे थे। उन्होंने 27 सितंबर को गणेश विसर्जन झांकी के दौरान भी हमले की कोशिश की थी, लेकिन कड़े पुलिस पहरे के कारण कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद 5 अक्टूबर को जब युवती आमापारा लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी, तब स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास करण ने यश के इशारे पर उस पर तेजाब फेंक दिया और फरार हो गया।

सीसीटीवी से मिली मदद, लोगों में भारी गुस्सा

एसडीओपी विनय साहू ने सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों की निशानदेही पर प्रयुक्त एसिड और कपड़े जब्त किए गए हैं। पुलिस जब दोनों आरोपियों को क्राइम सीन के नाट्य रूपांतरण के लिए ले गई, तो उग्र भीड़ ने उन्हें पीटने का प्रयास किया और फांसी देने की मांग की। रायपुर में भर्ती पीड़िता की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Bol CG Desk (L.S.)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button