महादेव ऐप का संचालक सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार,5 हजार करोड़ के घोटाले का है आरोपी

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान में गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उसे रॉयल ओमान पुलिस ने भारतीय एजेंसियों के अनुरोध और इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि सौरभ पर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए ओमान में प्रवेश करने का आरोप है।
हाई-सिक्योरिटी डिटेंशन सेंटर में रखा गया
जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर को ओमान की राजधानी मस्कट स्थित अल खौद हाई-सिक्योरिटी डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। उसके खिलाफ फर्जी पासपोर्ट के इस्तेमाल और अवैध तरीके से ओमान में प्रवेश करने का मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि उसने अपनी पैरवी के लिए स्थानीय वकीलों की टीम भी नियुक्त की है।
5 हजार करोड़ के महादेव बेटिंग घोटाले का आरोपी
छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी सौरभ चंद्राकर महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले का प्रमुख आरोपी है। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह मामला हजारों करोड़ रुपये के अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी, मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला लेन-देन से जुड़ा है। वह वर्ष 2019 से फरार चल रहा है।



