स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं - मान. केदार कश्यप, कैबिनेट मंत्री
भारत

गुवाहाटी में मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, एक युवक की मौत

गुवाहाटी। असम की राजधानी गुवाहाटी में लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। रविवार रात से शुरू हुई तेज बारिश के कारण सोमवार को शहर में हालात बेहद खराब हो गए। भीषण जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पूरे शहर का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। सड़कों पर पानी भरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया और कई इलाकों में घरों के अंदर तक पानी घुस गया।

भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार गुवाहाटी के खानापारा क्षेत्र में 215.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। विभाग ने आने वाले 24 घंटों में भी आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। साथ ही अगले सात दिनों तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान भी जारी किया गया है।

भारी बारिश के चलते चिड़ियाघर रोड, जीएस रोड, आरजी बरुआ रोड, नबीन नगर, अनिल नगर, हाटीगांव, गणेशगुरी, बरमोटोरिया, बोरागांव, मालीगांव, उलुबारी, चांदमारी, वीआईपी रोड, राजगढ़ रोड समेत शहर के लगभग सभी प्रमुख इलाके जलमग्न हो गए हैं। कई जगहों पर पानी इतना भर गया कि वाहन पूरी तरह डूब गए और सड़क पर चलना असंभव हो गया। इस दौरान कई वाहनों के इंजन में पानी घुसने से वे बीच सड़क पर ही बंद हो गए, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। कार्यदिवस होने के कारण शहर की लगभग सभी सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। एंबुलेंस भी घंटों तक फंसी रहीं, जिससे मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने जानकारी दी कि मालीगांव चारियाली क्षेत्र में एक महिला नाले में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान पायल नाथ के रूप में हुई है। उसका शव पुलिस और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की मदद से बरामद किया गया। भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने कामरूप महानगर में सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

प्रशासन ने बताया कि कई इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है और राहत व बचाव कार्य जारी हैं। एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों को शहर के विभिन्न हिस्सों में तैनात किया गया है। अब तक लगभग 50 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। प्रशासन ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में पानी का स्तर धीरे-धीरे घट रहा है। लेकिन कई जगहों पर अभी भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

पानी निकालने के लिए पंपों का इस्तेमाल किया जा रहा है और राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं। मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में बारिश और तेज हो सकती है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। गुवाहाटी सहित असम के कई हिस्सों में भूस्खलन और पेड़ गिरने का खतरा भी जताया गया है। एएसडीएमए ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सतर्क रहें। विशेषकर निचले और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Bol CG Desk (L.S.)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button