डॉन 3 विवाद पर आया बड़ा बयान, दिग्गज अभिनेता सुनील सेठी ने कही ये बात…
डॉन 3 विवाद पर आया बड़ा बयान, दिग्गज अभिनेता सुनील सेठी ने कही ये बात...

मुंबई। बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डॉन 3’ (Don 3) से अभिनेता रणवीर सिंह के कथित रूप से बाहर होने और उसके बाद मेकर्स के साथ उपजे विवाद ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। इस पूरे मामले पर अब फिल्म जगत के दिग्गज अभिनेता सुनील शेट्टी का एक बेहद बड़ा और बेबाक बयान सामने आया है। सुनील शेट्टी ने खुलकर रणवीर सिंह का समर्थन किया है और किसी भी कलाकार को बैन या ब्लैकलिस्ट करने की मानसिकता पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिस अभिनेता ने अपने दम पर फिल्म उद्योग को हजारों करोड़ रुपये का बिजनेस दिया है, उसे काम करने से रोकने का अधिकार किसी को नहीं है।
‘वेलकम टू द जंगल’ के प्रमोशन के दौरान फूटा गुस्सा
यह पूरा मामला तब सामने आया जब सुनील शेट्टी अपनी आगामी मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के प्रचार के सिलसिले में मीडिया से मुखातिब थे। ‘टाइम्स नाऊ’ के साथ एक विशेष बातचीत के दौरान जब उनसे रणवीर सिंह और ‘डॉन 3’ के निर्माताओं के बीच चल रहे विवाद और उन पर बैन लगाने की मांग को लेकर सवाल पूछा गया, तो वे भड़क गए। सुनील शेट्टी ने साफ शब्दों में कहा कि कोई भी व्यक्ति या संगठन किसी भी अभिनेता को काम करने से नहीं रोक सकता।
3,500 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का दिया हवाला
रणवीर सिंह के फिल्म इंडस्ट्री में योगदान का पुरजोर बचाव करते हुए सुनील शेट्टी ने उनके शानदार ट्रैक रिकॉर्ड को सामने रखा। उन्होंने कहा, “आप कौन होते हैं किसी कलाकार पर बैन लगाने वाले? जरा समझिए, इस लड़के ने अपने करियर में इंडस्ट्री को 3,500 करोड़ रुपये का रेवेन्यू (राजस्व) कमा कर दिया है। फिर आप उसे बैन क्यों करना चाहते हैं? अगर आप उसी चीज पर रोक लगा देंगे, जिसे जनता और दर्शक देखना चाहते हैं, तो आखिर आप हासिल क्या करना चाहते हैं?” सुनील शेट्टी ने आगे कहा कि जिस अभिनेता ने फिल्म उद्योग को इतनी ब्लॉकबस्टर और सुपरहिट फिल्में दी हैं, उसके खिलाफ इस तरह की दंडात्मक कार्रवाई करने की कोई जरूरत ही नहीं है।



