टीवी एक्ट्रेस संचिता उगाले ने की आत्महत्या, फिल्म जगत में शोक की लहर

मुंबई। टीवी एक्ट्रेस संचिता उगाले की मौत की खबर से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर फैल गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी मौत आत्महत्या से हुई है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी तक सामने नहीं आई है। इस घटना के बाद उनके प्रशंसकों और सहकर्मियों के बीच गहरा सदमा है और सभी उनकी मौत के हालात को समझने की कोशिश कर रहे हैं।
संचिता उगाले की को-स्टार मेघा शर्मा ने उनके निजी जीवन और हालात को लेकर कई बातें साझा की हैं। उन्होंने बताया कि संचिता पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थीं और जनवरी से डिप्रेशन में थीं। मेघा ने कहा कि उन्हें इस खबर पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा है और वह गहरे सदमे में हैं।
मनीकंट्रोल से बातचीत में मेघा शर्मा ने कहा, “मैं गहरे सदमे में हूं और मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैंने सुना है कि उन्होंने फांसी लगा ली।” उन्होंने आगे बताया कि संचिता को कुछ स्वास्थ्य समस्याएं भी थीं और उनका इलाज चल रहा था। उनके अनुसार, एक्ट्रेस लंबे समय से निजी परेशानियों से भी जूझ रही थीं।
मेघा शर्मा ने संचिता के साथ अपनी आखिरी मुलाकात को भी याद किया। उन्होंने बताया कि वह उनसे केवल 10 दिन पहले मिली थीं और उस दौरान उन्होंने उन्हें एक ऑडिशन के लिए भी साथ ले गई थीं। मेघा के अनुसार, उस समय संचिता अपने भविष्य को लेकर काफी आशान्वित थीं और उन्हें पूरा विश्वास था कि वह अपने करियर में आगे बढ़ेंगी।



